अलीगढ़। उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले में बसपा सुप्रीमो और प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती का मंदिर बनाने की तैयारी की जा रही है। भ्रष्टाचार विरोधी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित केशव देव गौतम ने 22 अगस्त को मायावती को पत्र भेजकर मंदिर निर्माण और उनकी प्रतिमा स्थापित करने की अनुमति मांगी है। अनुमति मिलने के बाद भूमि पूजन किए जाने की बात कही गई है।

पंडित केशव देव गौतम के अनुसार, तहसील खैर के मोहल्ला खेरे में उनकी निजी भूमि है। इसी जमीन पर वह अपने खर्च से मायावती का मंदिर बनवाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि मंदिर निर्माण के लिए शासन या प्रशासन से किसी तरह की आर्थिक सहायता नहीं ली जाएगी।

राजनीतिक गतिविधियों से अलग रखने का दावा

केशव देव गौतम ने बताया कि प्रस्तावित मंदिर किसी राजनीतिक गतिविधि का केंद्र नहीं होगा। इसे एक प्रेरणा स्थल के रूप में विकसित करने की योजना है। मंदिर में मायावती की प्रतिमा के साथ उनके विचारों को भी स्थान देने की बात कही गई है, ताकि आने वाली पीढ़ियां उनसे प्रेरणा ले सकें।

उन्होंने कहा कि मायावती की ओर से अनुमति मिलते ही मंदिर निर्माण के लिए भूमि पूजन की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।

पहले भी चर्चा में रहे हैं केशव देव गौतम

पंडित केशव देव गौतम इससे पहले भी अपने अलग-अलग चुनावी अभियानों को लेकर चर्चा में रहे हैं। 2022 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने जूतों की माला पहनकर प्रचार किया था। वहीं, 2024 के लोकसभा चुनाव में उन्हें 'चप्पल' चुनाव चिन्ह आवंटित हुआ था, जिसके बाद उन्होंने चप्पलों की माला पहनकर प्रचार किया था। अलीगढ़ सांसद पर लगाए गए विभिन्न आरोपों को लेकर भी वह सुर्खियों में रहे हैं।

फिलहाल मंदिर निर्माण को लेकर मायावती की अनुमति का इंतजार है। अनुमति मिलने के बाद ही प्रस्तावित मंदिर के निर्माण की अगली प्रक्रिया शुरू होने की बात कही गई है।